जिला प्रशासन की नई पहल, अधिकारियों की उपस्थिति में लॉन्च
जनसमस्याओं के निराकरण की व्यवस्था को सरल, सुलभ, पारदर्शी, उत्तरदायी एवं नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा ‘अबुआ मित्र’ WhatsApp चैटबॉट सेवा का शुभारंभ किया गया है। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने समाहरणालय सभागार में इस सेवा को लॉन्च किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान, एसडीएम धालभूम श्री अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त श्री अनुराग तिवारी उपस्थित रहे।
WhatsApp नंबर 8580090001 या QR कोड से दर्ज कराएं शिकायत
‘अबुआ मित्र’ के माध्यम से नागरिक अपने मोबाइल फोन से WhatsApp नंबर 8580090001 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर सकेंगे। QR कोड के माध्यम से भी इस सुविधा तक सीधे पहुंचा जा सकता है। नागरिक अपनी सुविधानुसार भाषा का चयन करते हुए समस्या से संबंधित आवश्यक जानकारी तथा जरूरत पड़ने पर दस्तावेज भी उपलब्ध करा सकेंगे।
SMS से मिलेगी अपडेट, ग्रामीण क्षेत्रों के लिए वरदान
शिकायतकर्ता के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS के माध्यम से शिकायत की स्थिति से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे नागरिकों को अपनी शिकायत की प्रगति जानने के लिए बार-बार कार्यालय आने की आवश्यकता कम होगी तथा पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूती मिलेगी। यह सुविधा विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों के लिए उपयोगी होगी। WhatsApp की सहज पहुंच के माध्यम से नागरिक घर बैठे प्रशासन तक अपनी बात पहुंचा सकेंगे। उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे ‘अबुआ मित्र’ का उपयोग कर अपनी समस्याओं को जिला प्रशासन तक पहुंचाएं और प्रभावी, पारदर्शी एवं जन-केंद्रित शिकायत निवारण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में सहयोग करें।
तीसरी धारा न्यूज
अबुआ मित्र — प्रशासन से जुड़ने में आपका अपना मित्र।
