तीसरी धारा न्यूज / जमशेदपुर / 23 नवंबर, 2026
मध्यरात्रि करीब 1 बजे हुआ निधन, टाटा मोटर्स अस्पताल में चल रहा था इलाज
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का रविवार की मध्यरात्रि करीब 1 बजे निधन हो गया। वे 92 वर्ष की थीं और काफी दिनों से बीमार चल रही थीं। उनका इलाज जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स अस्पताल में चल रहा था। उनके निधन की जानकारी पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से साझा की।
अर्जुन मुंडा ने सोशल मीडिया पर जताई भावुक संवेदना
मां के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए अर्जुन मुंडा ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं… तुम्हारे जाने से सिर से सिर्फ़ ममता का साया ही नहीं उठा, बल्कि ज़िंदगी का वो सबसे मज़बूत सहारा भी छिन गया, जिसके रहते हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का लगने लगता था।” उनके इस भावुक संदेश के बाद शुभचिंतकों, परिचितों और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों द्वारा शोक संवेदना व्यक्त किए जाने का सिलसिला जारी है।
घोड़ाबांधा आवास से दोपहर 1 बजे निकलेगी शवयात्रा, साकची स्वर्णरेखा बर्निंग घाट में अंतिम संस्कार
सायरा मुंडा का अंतिम संस्कार सोमवार को ही संपन्न किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, सोमवार को दोपहर 1 बजे उनकी शवयात्रा जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित आवास से प्रस्थान करेगी और साकची स्वर्णरेखा बर्निंग घाट में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
📌 तीसरी धारा न्यूज
संवेदनशील अपडेट, शोक संवेदना और झारखंड का नंबर वन न्यूज चैनल तीसरी धारा न्यूज

