तीसरी धारा न्यूज / जमशेदपुर / 21 नवंबर, 2026
रंगरेटा महासभा और बीर खालसा दल ने किया सम्मान, पद्म सम्मान न मिलने पर जताया खेद
लौहनगरी जमशेदपुर के चर्चित समाजसेवी और चिकित्सक डॉ. कृपाल सिंह सिद्धू के जीवन के 94 वर्ष पूरे करने के अवसर पर रंगरेटा महासभा और बीर खालसा दल की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया। इस मौके पर रंगरेटा महासभा के संस्थापक मंजीत सिंह गिल ने कहा कि झारखंड में सिखों का नाम रोशन करने वाले डॉ. सिद्धू को अब तक पद्म सम्मान नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर रंगरेटा महासभा बहुत जल्द राज्यपाल और जमशेदपुर सांसद को ज्ञापन सौंपेगी।
शहीदी दिहाड़े पर मिलेगा ‘झारखंड सिक्ख रतन सम्मान’, गरीबों के मसीहा बताया गया
मंजीत सिंह गिल ने घोषणा की कि अगले महीने एग्रिको मैदान में आयोजित शहीदी दिहाड़े के अवसर पर डॉ. सिद्धू को ‘झारखंड सिक्ख रतन सम्मान’ प्रदान किया जाएगा, जिसमें राज्य के विभिन्न हिस्सों से सिख समाज के लोग उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में बीर खालसा दल के अध्यक्ष रविन्दर सिंह रिंकू और सलाहकार प्रीतम सिंह भाटिया भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि डॉ. सिद्धू झारखंड में सिखों की आन, बान और शान होने के साथ-साथ आजीवन जरूरतमंद और गरीब मरीजों के लिए मसीहा बने रहे हैं। रविन्दर सिंह ने कहा कि डॉ. सिद्धू को पद्म सम्मान दिलाने के संदर्भ में बहुत जल्द राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भी पत्र लिखकर मांग की जाएगी।
पुष्प गुच्छ व शॉल ओढ़ाकर किया गया अभिनंदन, ‘बोले सो निहाल’ के गूंजे जयकारे
सम्मान समारोह के दौरान गुरदीप सिंह, दलजीत सिंह, चरणजीत सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने पुष्प गुच्छ भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर डॉ. कृपाल सिंह सिद्धू का अभिनंदन किया तथा इस दौरान ‘बोले सो निहाल’ के जयकारों से माहौल गूंज उठा।
📌 तीसरी धारा न्यूज
समाज, सम्मान और झारखंड का नंबर वन न्यूज चैनल तीसरी धारा न्यूज
