Site icon

सरायकेला: पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा पर हमले की कड़ी निंदा, रंजन कारूवा ने की सीसीटीवी जांच और पर्दे के पीछे के चेहरों को बेनकाब करने की मांग

तीसरी धारा न्यूज / सरायकेला / 19 नवंबर, 2026

​गोपाल मैदान में आदिवासी जनसंवाद के दौरान हुई थी घटना, आंदोलनकारियों के सम्मान पर उठे सवाल

​जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपाल मैदान में आयोजित आदिवासी जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे 1990 के दशक में अविभाजित बिहार के घाटशिला विधानसभा से पूर्व विधायक रहे सूर्य सिंह बेसरा पर हुए हमले की घटना को लेकर आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस घटना की अनुसूचित जाति जनजाति एकता मंच सरायकेला-खरसावां के जिला संरक्षक सह मूलनिवासी संघ के जिला उपाध्यक्ष रंजन कारूवा ने कड़ी शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि आजसू के संस्थापक रहे सूर्य सिंह बेसरा झारखंड अलग राज्य आंदोलन के प्रमुख स्तंभ रहे हैं और अलग झारखंड राज्य के निर्माण में उनका संघर्ष, योगदान व समर्पण अविस्मरणीय है।

​आंदोलन के ऐतिहासिक योगदान को किया याद, सीसीटीवी और उच्चस्तरीय जांच की मांग

​रंजन कारूवा ने कहा कि 72 घंटे के झारखंड बंद के दौरान रेल चक्का जाम करने पर पृथक् झारखंड राज्य से जुड़े विषयों को लेकर तत्कालीन केंद्रीय मंत्री बूटा सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए दिल्ली बुलाया था। उन्होंने बताया कि अलग झारखंड राज्य के लिए सूर्य सिंह बेसरा ने अपनी विधायकी तक त्याग दी थी। ऐसे वरिष्ठ आंदोलनकारी और सम्मानित नेता के साथ मारपीट की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय और चिंताजनक है, जिसने आंदोलनकारियों के सम्मान और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्री कारूवा ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाए और उच्चस्तरीय जांच-पड़ताल कर इस घटना में पर्दे के पीछे छिपे आकाओं का नाम उजागर किया जाए।

​टीएमएच में बेहतर इलाज व सुरक्षा की मांग, भविष्य में ऐसी घटना रोकने पर जोर

​इसके साथ ही उन्होंने टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में इलाजरत सूर्य सिंह बेसरा को बेहतर चिकित्सा सुविधा और समुचित सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी की है। रंजन कारूवा ने कहा कि राज्य सरकार और प्रशासनिक विभाग को इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए ठोस कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी आंदोलनकारी, सम्मानित वरिष्ठ नागरिक या आम लोगों के साथ इस तरह की घटना दोबारा न हो।

​📌 तीसरी धारा न्यूज

झारखंड की राजनीति, आंदोलनकारियों के सम्मान और झारखंड का नंबर वन न्यूज चैनल तीसरी धारा न्यूज

 

Exit mobile version