Site icon

गुवाहाटी से आई महिला ने जमशेदपुर में लगाया गंभीर आरोप: शादी का झांसा, पॉस्को केस, ब्लैकमेलिंग और फर्जी प्रेस आईडी के इस्तेमाल का दावा

तीसरी धारा न्यूज / जमशेदपुर / 19 नवंबर, 2026

​मैट्रिमोनियल ग्रुप के जरिए संपर्क और फर्जी दस्तावेज दिखाने का आरोप

​गुवाहाटी (असम) से जमशेदपुर पहुंची एक पीड़ित महिला ने मीडिया के सामने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला के मुताबिक, शादी मैट्रो ग्रुप के जरिए अमित विश्वकर्मा नामक युवक से उसका संपर्क हुआ था, जिसने खुद को विधुर बताया था और उसकी मां अनीता शर्मा ने भी इस बात की पुष्टि की थी। महिला का आरोप है कि गुवाहाटी जाकर युवक ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज व ऑफर लेटर दिखाए और अपनी मां को सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी बताया। बाद में ऑफर लेटर की जांच करने पर उसके संपादित (एडिटेड) होने का दावा किया गया तथा यह भी आरोप लगाया गया कि युवक पहले से शादीशुदा है और उसका 9 साल का बच्चा भी है।

​2024 से चल रहा मामला, पॉस्को केस और जमानत के बाद प्रताड़ना के आरोप

​महिला के अनुसार, 9 वर्षीय नाबालिग बेटी द्वारा कथित तौर पर गलत व्यवहार किए जाने की बात कहे जाने के बाद उसने मामले की जानकारी ली। महिला का कहना है कि वर्ष 2024 में वह आदित्यपुर आई थी और आदित्यपुर थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कराकर मामला गुवाहाटी ट्रांसफर कराया गया, जहाँ पॉस्को केस चल रहा है। आरोप है कि वारंट होने के बाद माफी और आश्वासन के आधार पर जमानत पर आपत्ति नहीं की गई, लेकिन जमानत मिलने के बाद कथित तौर पर प्रताड़ना और धमकियां दी जाने लगीं।

​आपत्तिजनक फोटो वायरल करने, एआई व फर्जी प्रेस पहचान के दावे; बिष्टुपुर पुलिस की मदद का जिक्र

​पीड़िता ने आरोप लगाया है कि बेटी का बयान रोकने के लिए दबाव बनाया गया और व्हाट्सएप व सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक व एआई जनरेटेड तस्वीरें तथा चैट साझा कर बदनाम करने की कोशिश की गई। महिला का यह भी दावा है कि युवक ने खुद को एक प्रेस से जुड़ा बताकर पहचान पत्र दिखाया, जबकि बाद में उसे केवल ब्लैकमेलिंग के लिए इस्तेमाल करने की बात सामने आई। महिला के अनुसार, उसने बिष्टुपुर थाने को पूरा घटनाक्रम बताया और पुलिस अधिकारियों व स्थानीय लोगों की मदद से युवक को हिरासत में दिलवाया गया, जबकि आगे की कानूनी कार्रवाई और कोर्ट में मामला जारी होने की बात कही गई है।

​📌 तीसरी धारा न्यूज

हर बड़ी, संवेदनशील और बेबाक खबर — झारखंड का नंबर वन न्यूज चैनल तीसरी धारा न्यूज

 

Exit mobile version