तीसरी धारा न्यूज / जमशेदपुर
साकची आमबागान से निकली विशाल पदयात्रा, उमड़ा कार्यकर्ताओं का जनसैलाब
कांग्रेस सहित विपक्षी दलों के झूठे राजनीतिक एजेंडे, दोहरे मापदंड और लोकतंत्र विरोधी मानसिकता को जनता के बीच बेनकाब करने तथा संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा के प्रति जनजागरण का संदेश देने के उद्देश्य से गुरुवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में एक भव्य पदयात्रा निकाली गई। महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए साकची स्थित नेताजी सुभाष मैदान (आम बागान) में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शहरवासियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पदयात्रा से पूर्व आयोजित विशाल जनसभा में देश और राज्य स्तर के कई दिग्गज नेताओं ने शिरकत की, जिसमें मुख्य रूप से केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व सीएम मधु कोड़ा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, सांसद विद्युत वरण महतो, धनबाद विधायक राज सिन्हा, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय और भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संजय सेठ का प्रहार- ‘सत्ता के बिना कांग्रेस की स्थिति पानी के बिना मछली जैसी’
मुख्य अतिथि के रूप में सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जो बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान पर टिका है, लेकिन विपक्ष अराजकता फैलाकर सत्ता में वापसी का सपना देख रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सत्ता के बिना कांग्रेस की स्थिति पानी के बिना मछली जैसी हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश पिछले 10 वर्षों में लगभग 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाल चुका है और आज भारत दुनिया की प्रमुख आर्थिक शक्ति बन चुका है। संजय सेठ ने राहुल गांधी को विकास और देशहित के मुद्दों पर पाँच मिनट की खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि जनता विपक्ष के झूठ और नकारात्मकता को पूरी तरह नकार चुकी है।
रघुवर दास बोले- ‘वंशवाद की मर्जी से नहीं, संविधान से चलेगा देश’
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस, राजद, सपा और झामुमो जैसे वंशवादी दल सत्ता की छटपटाहट में देश में अस्थिरता और अराजकता पैदा करने का षड्यंत्र रच रहे हैं, लेकिन भारत वंशवादियों की मर्जी से नहीं बल्कि संविधान और लोकतंत्र के रास्ते पर चलेगा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का विरोध इसलिए किया जा रहा है क्योंकि विपक्षी दलों को अपने वोटबैंक यानी अवैध घुसपैठियों के नाम कटने का डर सता रहा है। असम, पश्चिम बंगाल और झारखंड के संथाल परगना जैसे क्षेत्रों में बांग्लादेशी घुसपैठियों के कारण जनसांख्यिकीय संतुलन प्रभावित हो रहा है, जिसे देश की जनता अब बर्दाश्त नहीं करेगी।
दिनेशानंद गोस्वामी और अन्य नेताओं ने विपक्ष के मंसूबों को बताया विफल
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि देश में अब तक 12 बार एसआईआर की प्रक्रिया हो चुकी है, जिसमें से 10 बार कांग्रेस के ही शासनकाल में हुई थी, लेकिन अब हार की हताश से घिरी कांग्रेस भ्रम फैला रही है। धनबाद विधायक राज सिन्हा और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने भी कांग्रेस के इतिहास को आपातकाल और लोकतंत्र की हत्या से जुड़ा हुआ बताया। वहीं, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि विपक्ष का भरोसा वास्तविक मतदाताओं पर नहीं बल्कि फर्जी और घुसपैठिए वोटरों पर टिका है। स्वागत संबोधन महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने किया, जबकि संचालन जिला महामंत्री राजीव सिंह और धन्यवाद ज्ञापन अमरजीत सिंह राजा ने किया।
बंगाली क्लब और अक्षेस कार्यालय तक निकाली गई गगनभेदी नारों के साथ पदयात्रा
आमबागान मैदान में संपन्न हुई जनसभा के बाद तमाम दिग्गज नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में यह विशाल पदयात्रा उत्साह के साथ आगे बढ़ी। नेताजी सुभाष मैदान से शुरू हुई यह पदयात्रा बंगाली क्लब गोलचक्कर, बड़ा गोलचक्कर के सामने से होते हुए जमशेदपुर अक्षेस (JNAC) कार्यालय के समीप पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान रास्ते भर देशभक्ति के गीतों और “लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ” के गगनभेदी नारों से पूरा शहर गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया, और अंत में सभी ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।
📌 तीसरी धारा न्यूज
राजनीतिक महा-संग्राम, वैचारिक संघर्ष और जनसरोकार से जुड़ी हर सटीक खबर — तीसरी धारा न्यूज
