तीसरी धारा न्यूज / जमशेदपुर:
पूर्वी सिंहभूम जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जमशेदपुर पुलिस ने बर्मामाइंस थाना क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा, .315 बोर की पांच जिंदा गोलियां और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पूछताछ के दौरान उसने हथियार कुख्यात अपराधी मो. शाहिद द्वारा दिए जाने का खुलासा किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर रेलवे कंटेनर यार्ड के पास हुई कार्रवाई
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर को वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब को गुप्त सूचना मिली थी कि बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित रेलवे कंटेनर यार्ड के आसपास एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार और गोली लेकर घूम रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और नगर पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
छापेमारी दल जब रेलवे कंटेनर यार्ड के समीप पहुंचा, तो पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा। पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे खदेड़ कर दबोच लिया। पकड़े गए युवक की पहचान मो. इरफान (लगभग 20 वर्ष), निवासी मुस्लिम बस्ती, कैरेज कॉलोनी, बर्मामाइंस के रूप में हुई है।
मो. शाहिद के कहने पर ले जा रहा था हथियार
पुलिस की पूछताछ में आरोपी इरफान ने स्वीकार किया कि उसके पास से बरामद देसी कट्टा और गोलियां मो. शाहिद (करीब 32 वर्ष), निवासी मुस्लिम बस्ती, कैरेज कॉलोनी की हैं। उसने यह भी बताया कि वह शाहिद के निर्देश पर ही हथियार लेकर किसी ठिकाने पर जा रहा था। पुलिस अब इस खुलासे के आधार पर कुख्यात शाहिद की संलिप्तता की गहराई से जांच कर रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज, पहले भी रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार इरफान का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसका नाम बर्मामाइंस थाना कांड संख्या 47/2025 में भी बतौर आरोपी दर्ज है। इस मामले में बर्मामाइंस थाना कांड संख्या 65/2026, दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को आर्म्स एक्ट की धारा 25(1B)(a), 26 और 35 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल छापेमारी अभियान में नगर पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार, बर्मामाइंस थाना प्रभारी पु०नि० कुमार सरयू आनंद, पु०अ०नि० अजय कुमार यादव, दुति कृष्ण महतो, अरविंद कुमार-2 और थाने के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
📌 तीसरी धारा न्यूज
अपराध नियंत्रण और स्थानीय सुरक्षा से जुड़ी हर सटीक खबर — तीसरी धारा न्यूज
