Site icon

गुमला में बड़ी सफलता: पीएलएफआई का जोनल कमांडर विश्राम कोंगाडी समेत चार उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार और पर्चे बरामद

तीसरी धारा न्यूज / गुमला:

झारखंड के गुमला जिले में पुलिस को प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (PLFI) के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जोनल कमांडर विश्राम कोंगाडी उर्फ मोटा उर्फ सुकरा समेत चार कुख्यात उग्रवादियों को धर दबोचा है। इनके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और संगठन के प्रतिबंधित पर्चे बरामद किए गए हैं।

​एसडीपीओ बसिया के नेतृत्व में गठित टीम ने कामडारा से दबोचा

पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां ने प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बसिया शिव शंकर मराण्डी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कामडारा थाना क्षेत्र के बोंगदा गांव के पास से इन उग्रवादियों को दबोच लिया।

​गिरफ्तार उग्रवादियों में खूंटी और गुमला के अपराधी शामिल

पुलिस की गिरफ्त में आए उग्रवादियों में पीएलएफआई का जोनल कमांडर विश्राम कोंगाडी (निवासी-रनिया, खूंटी), अमर सुरीन (निवासी-कामडारा, गुमला), एतवा कोंगाडी उर्फ एतवा मास्टर (निवासी-कामडारा, गुमला) और अर्पित तोपनो उर्फ बेंदा (निवासी-बंदगांव, प. सिंहभूम) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन सभी का सिमडेगा और खूंटी समेत कई जिलों में लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।

​हथियार, गोलियां और संगठन के पर्चे जब्त

छापेमारी के दौरान पुलिस ने उग्रवादियों के पास से पीएलएफआई संगठन के 6 प्रतिबंधित पर्चे, एक देसी पिस्तौल, दो पिस्तौल की मैगजीन, एक देसी बंदूक, एक देसी कट्टा, विभिन्न बोर की 7 गोलियां, एक गोली का खोखा और 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एसपी ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में लेवी वसूली और धमकियों पर लगाम कसने के लिए अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा।

​📌 तीसरी धारा न्यूज

अपराध मुक्त समाज और नक्सल विरोधी हर सटीक खबर — तीसरी धारा न्यूज

 

Exit mobile version