Site icon

लोहरदगा में बड़ा हादसा: पैकेटबंद बिरयानी खाते ही बिगड़ी तीन बच्चों की तबीयत, मुंह से झाग और खून आने से मचा हड़कंप

तीसरी धारा न्यूज / लोहरदगा:

लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदलासो पंचायत के चिताकोनी गांव में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहाँ पैकेटबंद बिरयानी खाने के बाद तीन मासूम बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिनमें से दो की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। दोनों गंभीर रूप से बीमार बच्चों को बेहतर इलाज के लिए रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि तीसरे बच्चे का इलाज स्थानीय स्तर पर कराया गया है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

​पूजा पंडाल से लौटते समय खरीदी थी पैकेटबंद बिरयानी

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम चिताकोनी गांव निवासी ओमप्रकाश भगत की चार वर्षीय पुत्री तन्वी उरांव, सुरेश उरांव का आठ वर्षीय पुत्र रोहन उरांव और सुनील उरांव का सात वर्षीय पुत्र सत्या उरांव अपने परिजनों के साथ चंदलासो गांव के पूजा पंडाल घूमने गए थे। रात में जब वे सभी अपने घर लौट रहे थे, उसी दौरान रास्ते में बच्चों ने गांव की ही एक दुकान से पैकेटबंद बिरयानी खरीदी और खाई थी।

​घर पहुंचते ही शुरू हुई उल्टी, मुंह से निकला झाग और खून

परिजनों ने बताया कि घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद तीनों बच्चों की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी और उन्हें लगातार उल्टियां होने लगीं। स्थिति तब और डरावनी हो गई जब तन्वी उरांव और रोहन उरांव के मुंह से झाग और खून आने लगा। यह देख परिजनों के होश उड़ गए और वे आनन-फानन में बच्चों को लेकर एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए तन्वी को सोमवार की रात ही रांची रेफर कर दिया गया। वहीं, रोहन की हालत नाजुक बने रहने पर मंगलवार सुबह उसे भी रांची ले जाया गया, जहाँ दोनों का इलाज जारी है। तीसरे बच्चे सत्या उरांव का इलाज एक निजी क्लिनिक में कराया गया, जिसे बाद में परिजन झाड़-फूंक के लिए भी ले गए।

​जनप्रतिनिधियों ने लिया जायजा, खाद्य सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना की सूचना मिलते ही चंदलासो पंचायत की मुखिया दसमति उरांव, मुखिया प्रतिनिधि अनिल उरांव और पंचायत समिति सदस्य के प्रतिनिधि बिनोद उरांव फौरन चिताकोनी गांव पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित बच्चों के परिजनों से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। इस घटना के बाद से ग्रामीण इलाकों में खुलेआम बिकने वाले पैकेटबंद और फास्ट फूड की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

​📌 तीसरी धारा न्यूज

बच्चों के स्वास्थ्य और जनहित से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए जुड़े रहें तीसरी धारा न्यूज के साथ!

 

Exit mobile version