तीसरी धारा न्यूज / जमशेदपुर:
जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत टोल ब्रिज के पास सोमवार शाम एक दर्दनाक वारदात सामने आई है, जहाँ अज्ञात अपराधियों ने 12 वर्षीय किशोर की चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी। सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े किशोर को स्थानीय लोगों ने तुरंत इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया, जहाँ चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान कदमा रामजनम नगर निवासी सन्नी के रूप में हुई है।
घायल अवस्था में सड़क किनारे मिला था किशोर
पूरी घटना के संबंध में जानकारी देते हुए स्थानीय निवासी आशीष ने बताया कि सोमवार शाम वे लोग टोल ब्रिज के पास से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर सड़क किनारे अद्मरे पड़े किशोर पर पड़ी। जब वे लोग पास गए तो देखा कि किशोर के शरीर पर कई जगह चाकू से वार किए जाने के गहरे निशान थे। इसके बाद बिना देर किए उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
हत्या की वजह स्पष्ट नहीं, जांच में जुटी पुलिस
इस सनसनीखेज वारदात के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस घटना को किसने और किन परिस्थितियों में अंजाम दिया है।
📌 तीसरी धारा न्यूज
अपराध और सुरक्षा से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए जुड़े रहें तीसरी धारा न्यूज के साथ!
