तीसरी धारा न्यूज / बरकट्ठा (हजारीबाग):
हजारीबाग जिले के बरकट्ठा प्रखंड अंतर्गत डाकडीह स्थित साहू टोला में रविवार शाम एक बेहद ही दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। कुरकुरे के पैकेट में बच्चों को लुभाने के लिए रखे गए एक छोटे गुब्बारे को निगल जाने से दो साल के मासूम बच्चे की सांसें थम गईं. इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
दुकान से खरीदा था ‘बैलून ब्रांड’ का कुरकुरे
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब पांच बजे मृतक बच्चे शिवम कुमार (पिता- मनोज साव, निवासी बरकट्ठा) के पिता ने स्थानीय दुकान से ‘बैलून ब्रांड’ का कुरकुरे खरीदा था. बच्चा जब बड़े चाव से कुरकुरे खा रहा था, उसी दौरान पैकेट के अंदर बच्चों को आकर्षित करने के लिए रखा गया एक छोटा गुब्बारा भी वह अनजाने में निगल गया.
गले में फंसा गुब्बारा, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
गुब्बारा गले में अटक जाने के कारण बच्चे की तबीयत अचानक तेजी से बिगड़ने लगी और उसे सांस लेने में भारी परेशानी होने लगी. आनन-फानन में घबराए परिजन बच्चे को लेकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बरकट्ठा पहुंचे. हालांकि, डॉक्टरों के मुताबिक अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मासूम की सांसें थम चुकी थीं. अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
जनप्रतिनिधियों ने जताई गहरी चिंता, खाद्य उत्पादों में खिलौने रखने पर उठाए सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद बरकट्ठा उत्तरी पंचायत की मुखिया प्रमिला देवी और प्रतिनिधि बसंत साव ने स्नैक्स और कुरकुरे के पैकेटों में बच्चों को लुभाने के लिए गुब्बारे, प्लास्टिक की छोटी गोलियां और अन्य खतरनाक खिलौने रखने पर गहरी चिंता व्यक्त की है. उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि इस तरह की चीजें मासूम बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो रही हैं.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित उत्पाद का निर्माण ‘मां तारा फूड प्रोडक्ट, कतरास, धनबाद’ द्वारा किया जाता है. इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में इस बात को लेकर भारी रोष है कि कैसे बच्चों के खाद्य पदार्थों में ऐसे जोखिम भरे खिलौने बेधड़क बेचे जा रहे हैं।
📌 तीसरी धारा न्यूज
सतर्क रहें, बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और हर जरूरी अपडेट के लिए जुड़े रहें तीसरी धारा न्यूज के साथ!
