Site icon

झींकपानी में बड़ा सवाल: नवागांव के शाखा डाकपाल का कुएं से मिला संदेहास्पद शव, जांच में जुटी पुलिस और डाक विभाग

तीसरी धारा न्यूज / झींकपानी (पश्चिमी सिंहभूम):

पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र स्थित नवागांव पोस्ट ऑफिस के शाखा डाकपाल (ब्रांच पोस्टमास्टर) का शव संदेहास्पद स्थिति में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक 23 वर्षीय मुद सुधाकर का शव स्टेशन कॉलोनी स्थित उनके क्वार्टर के पीछे एक कुएं में तैरता हुआ बरामद किया गया है।

​सुबह महिलाओं ने कुएं में देखा शव

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह स्टेशन कॉलोनी की कुछ महिलाओं ने कुएं में शव को तैरते हुए देखा। इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही झींकपानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया।

​तेलंगाना के रहने वाले थे मुद सुधाकर, डेढ़ साल पहले लगी थी नौकरी

मृतक मुद सुधाकर मूल रूप से तेलंगाना राज्य के कमारेड्डी जिले के रहने वाले थे। उनकी डेढ़ साल पूर्व ही डाक विभाग में नौकरी लगी थी और वे यहां अविवाहित रहकर अकेले ही जीवन व्यतीत कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे चाईबासा के लिए रवाना हो चुके हैं।

​पुलिस और डाक विभाग कर रहा है मामलों की जांच

इस रहस्यमयी मौत के बाद पुलिस और डाक विभाग दोनों ही स्तर पर गहन छानबीन शुरू कर दी गई है। चाईबासा से डाक विभाग के वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और नवागांव पोस्ट ऑफिस में जमा राशि व अन्य रिकॉर्ड का मिलान किया जा रहा है। वहीं, झींकपानी थाना पुलिस मृतक के स्थानीय हमउम्र दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है ताकि मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके।

​📌 तीसरी धारा न्यूज

हर बड़ी और संदेहास्पद घटना की सटीक जानकारी के लिए जुड़े रहें तीसरी धारा न्यूज के साथ!

 

Exit mobile version