तीसरी धारा न्यूज / चाईबासा:
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता एवं दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की धर्मपत्नी श्रीमती रूपी सोरेन के निधन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति द्वारा चाईबासा परिषदन में एक शोक सभा का आयोजन किया गया. इसमें उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
झारखंड आंदोलन में रहा अहम योगदान: जोबा माझी
शोक सभा के दौरान सांसद श्रीमती जोबा माझी ने कहा कि रूपी सोरेन का पूरा जीवन संघर्ष और आंदोलन से जुड़ा रहा था. उन्होंने झारखंड आंदोलन के बेहद कठिन दौर में भी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. उनके निधन से राज्य ने एक ऐसी शख्सियत को खो दिया है, जिनका योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा.
14 अक्टूबर को शहीद देवेंद्र माझी का शहादत दिवस सादगी से मचेगा
बैठक के दौरान आगामी 14 अक्टूबर को शहीद देवेंद्र माझी के शहादत दिवस के आयोजन को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया. जिला समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इस वर्ष यह कार्यक्रम पूरी तरह से सादगीपूर्ण ढंग से आयोजित किया जाएगा. गांव-देहात से आने वाले पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग परंपरागत रूप से पूजा-पाठ एवं श्रद्धांजलि अर्पित करने की प्रक्रिया में शामिल होंगे.
भव्य पंडाल और सार्वजनिक सभा नहीं होगी आयोजित
सांसद जोबा माझी ने स्पष्ट किया कि इस बार पूर्व की तरह कोई भव्य पंडाल, मंच या माइक-सेट लगाकर सार्वजनिक सभा का आयोजन नहीं किया जाएगा. वर्तमान समय में पूरा परिवार और संगठन शोक की परिस्थिति से गुजर रहा है, इसलिए इस संवेदनशील समय में मर्यादा और अनुशासन बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है.
श्रद्धांजलि सभा में ये रहे मौजूद
जिला समिति ने सभी प्रखंड इकाइयों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे 14 अक्टूबर को उपस्थित होकर शहीद देवेंद्र माझी को नमन करें और दिवंगत रूपी सोरेन की तस्वीर पर भी सामूहिक श्रद्धासुमन अर्पित करें. इस बैठक में झामुमो जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम, सचिव राहुल आदित्य, प्रवक्ता बुधराम लागुरी, दिनेश चंद्र महतो, इकबाल अहमद, विश्वनाथ बाड़ा, राहुल तिवारी, दुर्गा चरण देवगम, अभिषेक सिंकु, बसंती सुंडी, सुनीता देवगम, जानकी, सोमबारी बाहँदा, मन्नाराम कुदादा, अकबर खान, दिनेश तुम्बलिया, मंगल सिंह तिउ, राजू सुंडी, रिमु बहादुर, जयराम गोप, अर्जुन बानरा, देवेंद्र बारी, मनोज लागुरी, नवाब अंसारी, कालटेन सिंह, संतोष कुमार मिश्रा, नितेश माधव करोवा और मुन्ना सुंडी समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
📌 तीसरी धारा न्यूज
झारखंड आंदोलनकारी अमर रहें, दिवंगत पुण्यात्माओं को शत-शत नमन!
