Site icon

जमशेदपुर एनकाउंटर: सोनारी मॉल गोलीकांड के दो मुख्य शूटरों को पुलिस ने मुठभेड़ में मारी गोली, रिकवरी के दौरान पुलिस पर ही चला दी थी पिस्टल

7ac638e1b7e803f6194cd3e9f118d977ea80679f1feb40258d22697b27a62337.0

तीसरी धारा न्यूज / जमशेदपुर:

जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ (एनकाउंटर) हो गई। सोनारी के फागु बाबा श्मशान घाट के पास सुबह करीब 3:30 बजे हुई इस मुठभेड़ में दो कुख्यात अपराधियों को गोली लगी है। घायल अपराधियों की पहचान मोहन यादव और अजीत मंडल के रूप में हुई है, जो सोनारी स्थित बिंदल मॉल के उडीपी रेस्टोरेंट में हुई अंधाधुंध फायरिंग की घटना के मुख्य शूटर हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

​दिल्ली से गिरफ्तारी के बाद हथियार बरामद करने लाई थी पुलिस

जानकारी के अनुसार, उडीपी रेस्टोरेंट में बैठे चार लोगों पर जानलेवा हमला करने के बाद दोनों शूटर फरार हो गए थे, जिन्हें जमशेदपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दिल्ली से गिरफ्तार किया था। दिल्ली से जमशेदपुर लाने के बाद बुधवार अहले सुबह पुलिस की टीम दोनों आरोपियों को घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल की बरामदगी के लिए फागु बाबा श्मशान घाट लेकर पहुँची थी।

​झाड़ियों से पिस्टल निकालकर पुलिस पर ही झोंक दी फायरिंग

पुलिस को हथियार छिपाने की जगह दिखाते हुए आरोपियों ने जैसे ही झाड़ियों से पिस्टल निकाली, अचानक पुलिस टीम पर ही फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले के बाद पुलिस ने त्वरित और आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों अपराधियों के पैर (निचले हिस्से) में गोली लगी, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े। पुलिस ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित करते हुए हथियार जब्त किया और दोनों घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुँचाया।

​एसएसपी व सिटी एसपी ने घटनास्थल का लिया जायजा, इलाका सील

एनकाउंटर की सूचना मिलते ही जमशेदपुर के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब, सिटी एसपी ललित मीणा समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर पूरे श्मशान घाट परिसर व आसपास के इलाके को सील कर दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

​📌 तीसरी धारा न्यूज

अपराध पर कड़ा प्रहार: कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को पुलिस का मुंहतोड़ जवाब!

Exit mobile version