Site icon

सरकारी भूमि पर प्रशासन का बुलडोजर: बर्मामाइंस में स्टार टॉकीज के पास हटीं 17 अवैध दुकानें, साकची में भी होगी अगली कार्रवाई

तीसरी धारा न्यूज / जमशेदपुर:

सरकारी भूमि और सार्वजनिक संपत्तियों पर अवैध कब्जे के खिलाफ जिला प्रशासन ने अपना रुख बेहद सख्त कर लिया है। मंगलवार को बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टार टॉकीज के समीप स्थित आशीर्वाद होटल के पीछे अनुमंडल प्रशासन के निर्देश पर विशेष अभियान चलाकर करीब 17 अवैध दुकानों को हटा दिया गया।

​टाटा स्टील के आवेदन और नोटिस के बाद हुई कार्रवाई

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, संबंधित जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर टाटा स्टील प्रबंधन की ओर से जिला प्रशासन को आवेदन सौंपा गया था। इसके बाद संबंधित अतिक्रमणवाद में पारित कानूनी आदेश के आधार पर कब्जाधारियों को पूर्व में ही नोटिस जारी कर स्वेच्छा से जमीन खाली करने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित समयावधि समाप्त होने के बाद भी जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तब प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुँचकर दंडात्मक कार्रवाई की।

​दंडाधिकारी और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चला अभियान

मंगलवार को नियुक्त दंडाधिकारी, अंचल सह राजस्व विभाग के अधिकारियों और पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में चिह्नित क्षेत्र में बनी अवैध दुकानों व अस्थायी ढाँचों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति या विरोध से निपटा जा सके।

​साकची क्षेत्र में भी अतिक्रमण हटाने की सूची तैयार

अनुमंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, साकची थाना क्षेत्र में भी विभिन्न अतिक्रमणवादों के तहत पारित आदेशों के आधार पर सरकारी भूमि को मुक्त कराने का शेड्यूल तय कर दिया गया है। संबंधित राजस्व अधिकारियों को मौके पर उपस्थित रहकर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

​📌 तीसरी धारा न्यूज

सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ सख्त संदेश: नियम तोड़ेंगे तो चलेगा प्रशासन का चाबुक!

Exit mobile version