Site icon

डिस्ट्रिक्ट हाईवे टास्क फोर्स की बैठक: जमशेदपुर में NH से हटेगा अतिक्रमण, दोबारा कब्जा किया तो बुलडोजर का खर्च वसूलेगा प्रशासन

तीसरी धारा न्यूज / जमशेदपुर:

समाहाराणालय सभागार में सोमवार को जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में डिस्ट्रिक्ट हाईवे टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और दुर्घटनाओं की स्थिति में त्वरित आपातकालीन चिकित्सा सहायता जैसे गंभीर मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गई।

​इन प्रमुख इलाकों में चलेगा विशेष अभियान

उपायुक्त राजीव रंजन ने पारडीह, डिमना चौक, डांगा और बालिगुमा क्षेत्रों में सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने के सख्त निर्देश दिए हैं। बैठक में एनएचएआई (NHAI) के प्रतिनिधियों ने बताया कि धालभूमगढ़, घाटशिला और कोकपाड़ा क्षेत्रों में अब तक 71 अतिक्रमित स्थानों को मुक्त कराया जा चुका है। उपायुक्त ने हाईवे की जमीन की स्पष्ट मार्किंग कराने का भी निर्देश दिया ताकि आम जनता को सीमा रेखा की सही जानकारी रहे।

​अतिक्रमणकारियों से वसूला जाएगा बुलडोजर कार्रवाई का खर्च

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई से पहले माइकिंग के जरिए लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया जाएगा। यदि इसके बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया और प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी, तो इस प्रक्रिया में आने वाला पूरा खर्च संबंधित अतिक्रमणकारी से ही वसूला जाएगा। इसके अलावा, दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए नियमित पुलिस गश्ती की व्यवस्था की जाएगी तथा धूल नियंत्रण के लिए दिन में तीन बार पानी का छिड़काव अनिवार्य किया गया है।

​हादसों पर लगाम के लिए लगेंगे स्पीड गन कैमरे और साइनेज बोर्ड

सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पूर्व में चिह्नित सात संवेदनशील स्थानों पर जल्द से जल्द स्पीड गन कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। हाईवे पर गति सीमा और नो-पार्किंग के साइनेज बोर्ड लगाए जाएंगे और अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ चालान व जुर्माने की कार्रवाई का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। एनएचएआई ने जानकारी दी कि कोकपाड़ा के चोईरा में ‘वे-साइड एमेनिटीज’ का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि तीन अन्य स्थानों पर यह प्रस्तावित है। साथ ही, हादसों के समय त्वरित मदद के लिए हाईवे पर औसतन हर 32 किलोमीटर पर एंबुलेंस तैनात रहेगी।

​इस बैठक में एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब और धालभूम एसडीओ अर्णब मिश्रा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

​📌 तीसरी धारा न्यूज

सत्य, निष्पक्षता और जनसमस्याओं के समाधान के प्रति संकल्पबद्ध!

Exit mobile version