Site icon

हाईकोर्ट के आदेश की अनदेखी: एमजीएम में बायो-मेडिकल कचरे के ढेर में मिले सब्जियों के छिलके, कचरे में मुंह मारता दिखा आवारा कुत्ता; जेएचआरसी ने उठाए सवाल

तीसरी धारा न्यूज / जमशेदपुर:

महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) अस्पताल में बायो-मेडिकल कचरे के प्रबंधन को लेकर झारखंड मानवाधिकार सम्मेलन (जेएचआरसी) ने गंभीर सवाल उठाए हैं। शनिवार को संगठन प्रमुख मनोज मिश्रा के नेतृत्व में जेएचआरसी के प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल के बायो-मेडिकल कचरा स्थल का निरीक्षण किया। संगठन का दावा है कि निरीक्षण के दौरान बायो-मेडिकल कचरे के साथ सामान्य कचरा भी मिला हुआ था और काले प्लास्टिक में आलू तथा सब्जियों के छिलके भी फेंके पाए गए।

​कचरे के ढेर में मुंह मारता दिखा आवारा कुत्ता

जेएचआरसी के अनुसार, कचरे के ढेर के पास बायो-मेडिकल वेस्ट से भरे प्लास्टिक के थैले खुले में पड़े थे। इसी दौरान एक आवारा कुत्ता भी कचरे के एक थैले में मुंह लगाकर कुछ खाता दिखाई दिया। संगठन ने इसे संक्रमण और जनस्वास्थ्य की दृष्टि से बेहद गंभीर स्थिति बताते हुए अस्पताल प्रबंधन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। मनोज मिश्रा ने कहा कि 26 फरवरी 2026 को झारखंड हाईकोर्ट ने बायो-मेडिकल कचरे को सामान्य कचरे से अलग रखने और उसके उचित प्रबंधन को लेकर निर्देश दिए थे। जेएचआरसी का आरोप है कि आदेश के करीब सात महीने बीत जाने के बाद भी एमजीएम अस्पताल में जमीनी स्तर पर इसका अपेक्षित अनुपालन दिखाई नहीं दे रहा है।

​व्यवस्था के बावजूद बाहर बिखरा मिला कचरा

जेएचआरसी ने दावा किया कि अस्पताल में अलग-अलग प्रकार के कचरे के लिए रंगों के आधार पर कमरों और कोडिंग की व्यवस्था की गई है, लेकिन इन कमरों के बाहर जमीन पर विभिन्न प्रकार के कचरे के थैले एक साथ बिखरे मिले। संगठन ने सवाल उठाया कि जब कचरे के पृथक्करण की व्यवस्था मौजूद है, तो कचरा खुले में मिश्रित अवस्था में क्यों पड़ा है।

​अधीक्षक को ज्ञापन, एक माह में सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच, खुले में पड़े बायो-मेडिकल कचरे को हटाने और कचरे के उचित पृथक्करण की मांग की। जेएचआरसी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एक माह के भीतर हाईकोर्ट के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित नहीं किया गया तो सड़क से लेकर न्यायालय तक उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस प्रतिनिधिमंडल में मनोज मिश्रा के अलावा सलावत महतो, विश्वजीत सिंह, गुरुमुख सिंह, श्यामलाल, किशोर वर्मा, एसके बसु, देवाशीष दास सहित कई अन्य सदस्य मुख्य रूप से शामिल थे।

​तीसरी धारा न्यूज

सत्य, निष्पक्षता और जनसमस्याओं के समाधान के प्रति संकल्पबद्ध!

Exit mobile version