तीसरी धारा न्यूज | 25 सितंबर 2026 | जमशेदपुर
गोलमुरी में अपराधियों का तांडव, पुलिसिया गश्त पर उठे गंभीर सवाल
लौहनगरी जमशेदपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और उन्हें कानून व्यवस्था का कोई खौफ नजर नहीं आ रहा है। गोलमुरी थाना क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन बेखौफ अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दे डाली है। दिन-प्रतिदिन बढ़ती आपराधिक घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों और आम जनता के बीच भारी दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।
बैंक डकैती के चंद कदम दूरी पर सोनार दुकान का तोड़ा ताला
गुरुवार को गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में करोड़ों रुपये की दुस्साहसिक डकैती की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं थी कि शुक्रवार को अपराधियों ने फिर कहर बरपाया। बैंक से महज चंद कदम की दूरी पर स्थित व्यस्त गोलमुरी बाजार में एक सोनार दुकान का ताला तोड़कर शातिर चोरों ने लाखों रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित दुकानदार के अनुसार, उक्त दुकान में आभूषणों की रिपेयरिंग का काम किया जाता था।
खाकी के दावों की खुली पोल, जांच तक सिमटी पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लकीर पीटने के अंदाज में मामले की छानबीन शुरू कर दी है। एक ही इलाके में और महज चंद कदमों के फासले पर लगातार दूसरे दिन हुई इस बड़ी वारदात ने पुलिसिया सतर्कता और गश्त के दावों की हवा निकाल दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस केवल जांच के लंबे-चौड़े दावे कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
अपराधियों के हवाले पूरा इलाका, आक्रोश में स्थानीय व्यापारी
लगातार हो रही वारदातों से स्पष्ट है कि गोलमुरी क्षेत्र में अपराधियों का एकछत्र राज स्थापित हो चुका है और कानून व्यवस्था पूरी तरह लाचार नजर आ रही है। चोर, लुटेरे और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और आराम से फरार हो जा रहे हैं। बाजार के व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवाल, प्रशासन से तुरंत ठोस कदम की मांग
इस ताजा घटना के बाद से पूरे गोलमुरी बाजार इलाके में पुलिस प्रशासन की कार्यशैली को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। आम नागरिकों और व्यवसायियों ने जिला पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि कागजी दावों से इतर धरातल पर कड़े कदम उठाए जाएं, ताकि अपराधियों में कानून का भय कायम हो सके और लोग सुरक्षित महसूस कर सकें।
तीसरी धारा न्यूज — निष्पक्ष खबर, जनता का भरोसा!
