तीसरी धारा न्यूज | 21 सितंबर 2026 | सरायकेला
रास्ते में झाड़ी से निकलकर सांप ने काटा
सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां प्रखंड अंतर्गत पोटोबेड़ा गांव में एक युवती के सर्पदंश का शिकार होने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 21 वर्षीय वीणा महतो रविवार दोपहर करीब 12 बजे नहाने के लिए गांव के तालाब की ओर जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में झाड़ियों से अचानक निकले एक सांप ने उनके पैर में डंस लिया।
गेहूंअन सांप होने की आशंका, त्वरित कार्रवाई
घटना के समय सांप के फुफकारने की आवाज सुनकर परिजनों ने अनुमान लगाया कि वह जहरीला गेहूंअन सांप था। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने बिना कोई समय गंवाए मुस्तैदी दिखाई और वीणा महतो को तत्काल सरायकेला स्थित सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।
चिकित्सकों की देखरेख में इलाज जारी
सदर अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में युवती का त्वरित उपचार शुरू किया गया। अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, समय पर इलाज मिलने के कारण युवती की हालत फिलहाल सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।
मानवाधिकार सहायता संघ ने की अंधविश्वास से बचने की अपील
घटना की सूचना मिलने पर मानवाधिकार सहायता संघ की महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्रीमती सुमन कारूवा ने लोगों से सतर्क रहने और जागरूक बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के चक्कर में समय बिल्कुल बर्बाद न करें, बल्कि पीड़ित को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या सदर अस्पताल ले जाएं। उन्होंने बताया कि अस्पतालों में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध है और सही समय पर उपचार मिलने से किसी की भी जान बचाई जा सकती है।
तीसरी धारा न्यूज
जागरूकता ही बचाव है, सही खबर आप तक पहुँचाना हमारा ध्येय है
