तीसरी धारा न्यूज | 14 सितंबर 2026 | जमशेदपुर
3.4 लाख आवेदनों के बीच जमशेदपुर के अक्षत ने बनाई Top 40 में जगह
प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती—इसे साबित किया है गुलमोहर हाई स्कूल, जमशेदपुर के छात्र अक्षत ने। अपनी अभिनव सोच, तकनीकी प्रतिभा और सामाजिक संवेदनशीलता के बल पर अक्षत ने Samsung Solve for Tomorrow India के Top 40 में स्थान बनाकर विद्यालय और पूरे शहर का नाम रोशन किया है। भारत से इस कार्यक्रम के लिए 3.4 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। कठोर चयन प्रक्रिया के बाद केवल 40 टीमों को Prototyping Programme एवं Innovation Bootcamp के लिए चुना गया। इस उपलब्धि के साथ अक्षत इस प्रतियोगिता के इतिहास में Top 40 तक पहुँचने वाले सबसे कम उम्र के प्रतिभागी बन गए हैं।
‘Kinexa’ — तकनीक के साथ संवेदनशीलता और समावेशन की मिसाल
अक्षत का नवाचार ‘Kinexa’ खेलों को अधिक समावेशी बनाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। यह तकनीक की सहायता से बधिर एवं कम सुनने वाले खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों के बीच संवाद को बेहतर बनाने की संभावनाएँ तलाशता है। इसमें एनिमेटेड विज़ुअलाइज़ेशन और भारतीय सांकेतिक भाषा (ISL) के माध्यम से संवाद को अधिक सहज और प्रभावी बनाने की परिकल्पना की गई है। बता दें कि Samsung Solve for Tomorrow युवाओं के लिए एक वैश्विक CSR नवाचार कार्यक्रम है, जो 61 से अधिक देशों में संचालित होता है। भारत में इसका आयोजन FITT, IIT Delhi के सहयोग से किया गया।
10 दिवसीय बूटकैंप और दिग्गज विशेषज्ञों के सामने शानदार प्रस्तुति
10 दिवसीय Innovation Bootcamp के दौरान अक्षत को स्टार्टअप मैनेजमेंट, यूनिट इकोनॉमिक्स, फाइनेंशियल मॉडलिंग और प्रोडक्ट डेवलपमेंट जैसे विषयों पर विशेषज्ञों से सीखने का अवसर मिला। उन्होंने Samsung Design Delhi, नोएडा, दिल्ली, बेंगलुरु के R&D संस्थानों और गुरुग्राम स्थित Samsung South West Asia Regional Head Office का भी दौरा किया। इस यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव Top 40 Pitch Event के दौरान अक्षत ने IIT Delhi, उद्योग जगत और Samsung R&D के दिग्गजों के समक्ष अपने प्रोजेक्ट ‘Kinexa’ को सफलतापूर्वक प्रस्तुत किया।
सैमसंग के सीईओ से मिली सराहना, मिला इनोवेशन ग्रांट
Top 40 में चयन के सम्मानस्वरूप अक्षत को Samsung Pro Series Laptop और Innovation Grant प्रदान किया गया। अक्षत के लिए विशेष गौरव का क्षण तब रहा जब उन्हें Samsung South West Asia के President एवं CEO श्री J. B. Park से व्यक्तिगत रूप से मिलने का अवसर मिला। श्री Park ने Kinexa और गुलमोहर हाई स्कूल की नवाचार संस्कृति की जमकर सराहना की। इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती प्रीति सिन्हा ने अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि 3.4 लाख से अधिक आवेदनों के बीच यह मुकाम हासिल करना अक्षत की असाधारण प्रतिभा और विद्यालय की समावेशी सोच का प्रमाण है।
तीसरी धारा न्यूज
युवा प्रतिभाओं को समर्पित, हर खबर पर निष्पक्ष नज़र

