Site icon

जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू के आवास के पास भीषण सड़क हादसा: पिता-पुत्र की मौत पर जताया गहरा दुख, प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी

तीसरी धारा न्यूज | जमशेदपुर | 14 सितंबर 2026

एग्रीको चौक के पास दर्दनाक हादसा

जमशेदपुर शहर में बेकाबू दौड़ते भारी वाहनों के कारण लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच सोमवार को एक और हृदयविदारक घटना सामने आई। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू के एग्रीको स्थित आवास के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में मानगो निवासी पिता और उनके मासूम पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। एक ही परिवार के दो सदस्यों की अचानक हुई मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

विधायक पूर्णिमा साहू ने जताया गहरा दुख

इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि पिता और उनके मासूम पुत्र की असमय मृत्यु अत्यंत दुखद और मर्मांतक है। एक साथ परिवार के दो चिराग बुझ जाना बेहद दर्दनाक है और इस अपार दुख को व्यक्त करने के लिए शब्द कम पड़ रहे हैं। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति देने और परिजनों को यह असहनीय कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

प्रशासनिक उदासीनता पर उठाए गंभीर सवाल

सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए विधायक ने कहा कि इस घटना ने एक बार फिर जिला प्रशासन और यातायात पुलिस की उदासीनता को उजागर कर दिया है। शहर में नो-एंट्री के बावजूद भारी वाहनों का निर्बाध परिचालन हो रहा है, जिस पर कोई प्रभावी रोक नहीं लगाई जा पा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कितनी और बेगुनाह जिंदगियां जाने के बाद प्रशासन की नींद खुलेगी?

विधायक द्वारा की गई प्रमुख मांगें:

​विधायक पूर्णिमा साहू ने प्रशासन को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नो-एंट्री को सख्ती से लागू नहीं किया गया और सड़क सुरक्षा पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो जनहित और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए वे संगठन के साथ सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगी।

तीसरी धारा न्यूज – सत्य, निष्पक्ष और बेबाक आवाज

Exit mobile version