Site icon

एग्रिको सिग्नल पर भीषण सड़क हादसा, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत; मृतकों की हुई पहचान

तीसरी धारा न्यूज | 13 सितंबर 2026 | जमशेदपुर

भीषण हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत

जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एग्रिको सिग्नल के पास रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में स्कूटी सवार पिता और उनके 13 वर्षीय मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

बारीडीह से काम निपटाकर लौट रहे थे मानगो

मृतकों की पहचान मानगो नेशनल हाईवे-33 स्थित चन्द्रवती नगर (गोपाल नगर) निवासी दीपा राम और उनके पुत्र यश के रूप में हुई है। दीपा राम डिमना चौक के पास मार्बल मंदिर बनाने का काम करते थे। रविवार को वे अपने मंझले बेटे यश के साथ मार्बल के काम के सिलसिले में बारीडीह गए हुए थे। काम खत्म करने के बाद दोनों लाल रंग की डियो स्कूटी से वापस अपने घर लौट रहे थे।

तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मारी जोरदार टक्कर

वापसी के क्रम में लिट्टी चौक की तरफ से एग्रिको सिग्नल की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बड़ी गाड़ी ने उनकी स्कूटी को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता-पुत्र दोनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर चोट आने के कारण घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक यश मानगो स्थित ब्लू बेल्स स्कूल में कक्षा सातवीं का छात्र था।

पुलिस जांच में जुटी, परिवार में पसरा मातम

सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर एमजीएम अस्पताल भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हालत में एमजीएम अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और टक्कर मारकर भागने वाले वाहन व चालक का पता लगाया जा रहा है।

तीसरी धारा न्यूजसत्य, निष्पक्ष और बेबाक खबर

Exit mobile version