Site icon

​सी.पी. कबीर क्लब टुईलाडूंगरी में धूमधाम से मनाया गया पोरा तिहार, सुहागिनों को बांटी गई श्रृंगार सामग्री तीसरी धारा न्यूज 10 सितंबर 2026, जमशेदपुर

तीसरी धारा न्यूज

10 सितंबर 2026, जमशेदपुर

​सी.पी. कबीर क्लब टुईलाडूंगरी के क्लब प्रांगण में पोरा तिहार अत्यंत धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति की अध्यक्षा देवकी साहू ने की। छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परंपरा के अनुसार, पोरा तिहार भाद्रपद अमावस्या (कुशोत्पाटनी अमावस्या) के अवसर पर मनाया जाता है। यह त्योहार कृषि संस्कृति में बैलों के अमूल्य योगदान के प्रति आभार व्यक्त करने और धान की फसल के परिपक्व होने की खुशी में आयोजित किया जाता है।

पारंपरिक विधि-विधान और विशेष व्यंजन

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि इस दिन सुबह से ही बैलों को नहला-धुलाकर और सजाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। इस अवसर पर घरों में मीठा चीला, नारियल, गुलगुला, ठेठरी, खुरमी, अईरसा, चौसेला, खीर, पूरी और बड़ा जैसे पारंपरिक व्यंजन बनाए जाते हैं। पूजा के बाद घर में बने इन पकवानों को प्रसाद के रूप में बैलों को खिलाया जाता है और पूरे परिवार में वितरित किया जाता है।

बच्चों को दिए जाते हैं गृहस्थी व कृषि के संस्कार

पोरा तिहार की परंपराओं में बच्चों को दिए जाने वाले व्यावहारिक संस्कार प्रमुख हैं। इस दिन बेटों को मिट्टी और लकड़ी से बने बैल चलाने की परंपरा है, ताकि वे खेती-किसानी और पशु सेवा का महत्व समझ सकें। वहीं बेटियों को मिट्टी से बने खिलौने जैसे पोरा, जाता, चूल्हा, कढ़ाई व बर्तन सौंपकर उन्हें बचपन से ही गृहस्थी और रसोई की जिम्मेदारियों का अहसास कराया जाता है।

खेल प्रतियोगिताएं, सुवा नृत्य और तीज सामग्री का वितरण

आगामी हरतालिका तीज के उपलक्ष्य में समिति की ओर से उपस्थित सभी सुहागिन महिलाओं को आलता, सिंदूर, बिंदी, मेहंदी और नेल पॉलिश जैसी श्रृंगार सामग्री वितरित की गई। इसके साथ ही महिलाओं के बीच विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ और पारंपरिक ‘सुवा नृत्य’ की प्रस्तुति दी गई। इस दिन भाई अपनी विवाहित बहनों के ससुराल जाकर उन्हें पोरा का प्रसाद देते हैं और मायके लाते हैं, जहां बहनें हरतालिका तीज का निर्जला व्रत रखती हैं।

कार्यक्रम में गणमान्य लोगों की उपस्थिति

इस भव्य आयोजन में क्षेत्र की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से अध्यक्षा देवकी साहू, सरिता साहू, नूतन, हेमा साहू, जमुना, नीतू, पुष्पा, बेबी, मंजू, गौरी, मैना देवी, ननेश्वरी, सावित्री, जुगबती, कमला, सरस्वती, ओमलता, जयश्री और रूपा सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित थीं।

तीसरी धारा न्यूज

Exit mobile version