Site icon

हजारीबाग: बैंक ऑफ महाराष्ट्र में करोड़ों की भीषण डकैती, 7 करोड़ का सोना और नकद लेकर फरार हुए अपराधी

हजारीबाग (बरही): झारखंड के हजारीबाग जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ बरही स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में शुक्रवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े धावा बोलकर करीब 7 करोड़ रुपये मूल्य का सोना और 5 लाख रुपये नकद लूट लिए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।1777049880940

​हथियारों के बल पर बनाया बंधक

​जानकारी के अनुसार, चार की संख्या में आए नकाबपोश अपराधी देसी कट्टों से लैस होकर बैंक में घुसे थे। सुरक्षा और पहचान छिपाने के लिए अपराधियों ने हेलमेट, मास्क और गमछे का इस्तेमाल किया था। बैंक में घुसते ही उन्होंने कर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी और हथियार के बल पर सभी को बंधक बना लिया।

​पूरी प्लानिंग के साथ पहुंचे थे डकैत

​अपराधियों ने बैंककर्मियों को डरा-धमकाकर लॉकर खुलवाया और उसमें रखे सोने के जेवरात समेट लिए। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद, डकैतों ने चालाकी दिखाते हुए बैंक के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया ताकि कर्मी बाहर न निकल सकें और उन्हें भागने का पर्याप्त समय मिल जाए। बताया जा रहा है कि यह बैंक शाखा महज 7-8 महीने पहले ही खुली थी।

​जांच में जुटी पुलिस

​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस बैंक के भीतर और आसपास लगे CCTV फुटेज को खंगाल रही है। जिस सफाई से अपराधियों ने इस बड़ी डकैती को अंजाम दिया है, उससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि उन्हें बैंक के आंतरिक ढांचे की पहले से जानकारी थी।

​फिलहाल, जिले की सीमाओं को सील कर सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।

​रिपोर्ट: तीसरी धारा न्यूज

Exit mobile version